जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए केवल सिंह पठानिया ने दिए निर्देश

हिमवंती मीडिया/धर्मशाला

शिमला में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा घटनालू (सिहुवां) से रजोल तक किए जा रहे फोरलेन निर्माण कार्य से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। बैठक में फोरलेन निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान केवल सिंह पठानिया ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटनालू (सिहुवां) से रजोल तक पूरे मार्ग पर पानी की समुचित निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात अथवा अन्य परिस्थितियों में स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि रैत के निकट 45 मील क्षेत्र में स्थानीय लोगों तथा कॉलेज विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओवरहेड ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।

बैठक में शाहपुर के रेहलू रोड पर अंडरपास निर्माण को लेकर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही चंबी क्षेत्र में 132 केवी विद्युत लाइन की शिफ्टिंग के मुद्दे पर भी संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि फोरलेन निर्माण कार्य आमजन की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए किया जा रहा है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को न्यूनतम असुविधा हो। उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या या असुविधा उत्पन्न होती है, तो उसका समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए। एनएचएआई के आरओ ने उपमुख्य सचेतक को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों एवं सुझावों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी, ताकि फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो और आवश्यक जनसुविधाएं सुरक्षित रहें। इस अवसर पर एमडी एचपीपीटीसीएल राजीव सूद, आरओ अजय सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित शर्मा तथा अधिशाषी अभियंता एचपीपीटीसीएल संदीप उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GIPHY App Key not set. Please check settings

Back to Top

Ad Blocker Detected!

Refresh

Add to Collection

No Collections

Here you'll find all collections you've created before.

Close