हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
हिल व्यू पब्लिक स्कूल, माजरा के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है विद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन इंस्पायर पुरस्कार के लिए हुआ है। बता दे कि कक्षा सातवीं के मेधावी विद्यार्थी अनभ चौहान तथा आनन्दात्मन शर्मा ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचारपूर्ण विचारों के माध्यम से विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। मानक इंस्पायर पुरस्कार योजना भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित की जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना तथा अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना है। इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को अपने अभिनव विचारों को विकसित करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है तथा उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी वैज्ञानिक प्रस्तुतियाँ प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उत्कृष्ट विचारों को आगे चलकर वैज्ञानिक संस्थानों के मार्गदर्शन में विकसित करने की भी व्यवस्था होती है। विद्यालय द्वारा भेजी गई तीन अभिनव वैज्ञानिक प्रस्तुतियों में से दो का चयन हुआ है, जो विद्यार्थियों की लगन तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। पहली प्रस्तुति अग्नि-संवेदी सुरक्षा युक्त वाहन से संबंधित है। इस नवाचार में ऐसी व्यवस्था की कल्पना की गई है जिसमें वाहन में आग लगने की स्थिति में लगा हुआ संवेदक तुरंत सक्रिय हो जाएगा और स्वचालित रूप से जल का छिड़काव कर आग को बुझाने का प्रयास करेगा। इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और आग से होने वाली संभावित क्षति को काफी हद तक रोका जा सकेगा।
दूसरी प्रस्तुति आवरण तथा जालीदार थैली युक्त धूल संग्राहक उपकरण है। सामान्यतः जब दीवारों अथवा छत की सफाई की जाती है तो धूल और जाले नीचे रखे सामान पर गिर जाते हैं, जिसके कारण पहले सारा सामान हटाना पड़ता है। इस उपकरण की सहायता से सफाई करते समय धूल सीधे जालीदार थैली में एकत्र हो जाएगी और नीचे रखे किसी भी सामान पर नहीं गिरेगी। इस प्रकार यह उपकरण सफाई को अधिक सरल, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इन वैज्ञानिक प्रस्तुतियों की उपयोगिता और प्रभावशीलता को ध्यान में रखते हुए भविष्य में आवश्यकता के अनुसार इनमें और भी सुधार किए जाएंगे, जिससे इन्हें और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस उपलब्धि में विद्यालय की अध्यापिका आंचल तथा अध्यापिका नीतू सिंह का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा है।
विद्यालय की निर्देशिका पूनम गोयल, शैक्षणिक निदेशक अजय शर्मा, प्रधानाचार्या आशु शर्मा तथा उप-प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि ऐसे नवाचारी प्रयास विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सृजनात्मकता को और अधिक प्रोत्साहित करेंगे।
GIPHY App Key not set. Please check settings