हिमवंती मीडिया/मंडी
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आय यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), मंडी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में “इंटर जेनरेशनल बांडिंग” विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देना रहा। उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का जीवन अनुभव और युवाओं की ऊर्जा एवं नवीन सोच का समन्वय समाज के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन को निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा उनसे आह्वान किया कि वे अपनी समृद्ध विरासत, परंपराओं और जीवन अनुभवों को युवा पीढ़ी के साथ अवश्य साझा करें, ताकि समाज की सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके।
उन्होंने जानकारी दी कि वरिष्ठ नागरिकों और युवा विद्यार्थियों के लिए जिला मंडी के अधिकांश उपमंडलों में पुस्तकालय स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे अध्ययन, संवाद और मार्गदर्शन का वातावरण सुदृढ़ हुआ है। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी समीर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग समाज के कमजोर वर्गों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदायों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जयश्री कपूर, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
GIPHY App Key not set. Please check settings