राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से लोक भवन में नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले हिमाचल प्रदेश के एनसीसी के बालक एवं बालिका कैडेट्स ने शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने कैडेट्स को सम्मानित किया और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने गणतंत्र दिवस शिविर में भाग लेने वाले हिमाचल के सभी एनसीसी कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रोत्साहन स्वरूप 50,000 रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के 21 एनसीसी कैडेट्स पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ निदेशालय के दल का हिस्सा थे, जिनमें 10 बालक और 11 बालिकाएं शामिल थीं। दल में कुमारी कृतिका शर्मा भी सम्मिलित थी, जिन्होंने 18 मई, 2025 को माउंट एवरेस्ट पर सफल आरोहण कर देश का नाम रोशन किया है। अपने इस अभियान के दौरान उन्होंने एक शेरपा की जान बचाकर अदम्य साहस का परिचय भी दिया। राज्यपाल के साथ भेंट के दौरान कैडेट्स ने अपने अनुभव साझा किए। दल को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि राज्य के 21 कैडेट्स ने गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का प्रदर्शन किया।
GIPHY App Key not set. Please check settings