हिमवंती मीडिया/नालागढ़(शांति गौतम)
नालागढ़ उपमंडल के रोपड़ रोड पर सैनी माजरा में स्थित निजी होटल में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर नालागढ़ थाना प्रभारी राकेश रॉय की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने होटल पर छापेमारी की, जिसमें सात लड़कियों को अवैध देह व्यापार से रेस्क्यू किया गया। इस ऑपरेशन के दौरान दो व्यक्तियों, जो खुद को होटल के कर्मचारी बता रहे थे, को हिरासत में लिया गया। हालांकि, होटल का मालिक समेत अन्य मैनेजमेंट कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह रेड गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पता चला था कि होटल में लंबे समय से अवैध देह व्यापार का धंधा चल रहा था। रेड के दौरान पुलिस ने सात लड़कियों को सुरक्षित निकाला, जिन्हें कथित तौर पर इस गैरकानूनी गतिविधि में जबरन शामिल किया गया था। हिरासत में लिए गए कर्मचारियों से पूछताछ जारी है, ताकि इस रैकेट के पीछे के मास्टरमाइंड और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित अपराध का मामला हो सकता है, और जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। नालागढ़ के डी एस पी भीष्म ठाकुर ने इस रेड की पुष्टि की है। कहा कि “पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। इस मामले की पूरी जानकारी और तथ्यों का खुलासा कल 5 अगस्त को सुबह 10 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया कि रेस्क्यू की गई लड़कियों की सुरक्षा और पुनर्वास के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं, और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।यह घटना नालागढ़ जैसे औद्योगिक क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सवाल उठाती है। स्थानीय लोगों ने इस रेड की सराहना की, लेकिन साथ ही मांग की कि होटल मालिक और अन्य फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। होटल का संचालन गफूर मोहम्मद व खलील मोहम्मद निवासी मंझोली नालागढ़ द्वारा किया जा रहा था, जबकि होटल कर्मचारी गोपाल पुत्र प्रेम बहादुर निवासी गांव वार्ड नं0 2 नालागढ़ ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को सौंपता था। मौके से देह व्यापार में शामिल सात महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जिनमें हरियाणा, पंजाब व बिहार की महिलाएं शामिल थीं। पुलिस थाना नालागढ़ में इस संबंध में गोपाल, गफूर मोहम्मद व खलील मोहम्मद के विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3 व 4 के अधीन अभियोग पंजीकृत किया गया है। एस पी विनोद धीमान ने बताया कि मामले में आगामी अनवेषण कार्यवाही की जा रही है।
GIPHY App Key not set. Please check settings