प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में यूको आरसेटी की जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं स्थानीय परामर्श समिति की त्रैमासिक बैठक हुई आयोजित

हिमवंती मीडिया/नाहन 
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिरमौर (यूको आरसेटी) की जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं स्थानीय परामर्श समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वार्षिक ऋण योजना 2024-25 के अंतर्गत मार्च 2025 को समाप्त तिमाही में हुई प्रगति की समीक्षा, शहरी आजीविका मिशन तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री जन धन योजना व प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजना, अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम की मार्च, 2025 तक की समीक्षा की। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जन धन एवं प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजना अभियान के तहत 1 जुलाई से 30 सितम्बर, 2025 तक सभी बैंकों को जिला की सभी पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए ताकि इन योजनाओं को गति प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी बैंक ऋण आबंटन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करें ताकि लोगों को स्वरोजगार के क्षेत्र में अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी बैंक एटीएम व बैंक परिसर में भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित बनाए तथा सीसीटीवी कैमरों का बैकअप कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखें तथा इसके अतिरिक्त एनपीए को कम करने की दिशा में भी कार्य करें। अग्रणी जिला प्रबंधक सनोज कुमार ने बैठक का संचालन किया और यूको आरसेटी की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

उन्होंने कहा कि संस्थान में लगने वाले सभी प्रशिक्षण शिविरों की समय पर पात्र युवाओं को जानकारी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाया जाये। उन्होंने कहा कि यह संस्थान स्वयं रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अग्रणी एवं प्रशंसनीय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने बैंको से सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को उदारपूर्वक ऋण उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब भी आरसेटी द्वारा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता है तो सभी विभाग अपने विभाग की स्वरोजगार सम्बन्धी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रशिक्षुओं को प्रदान करना सुनिश्चित बनायें। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की निदेशक मंजीत ने बताया कि यूको आरसेटी द्वारा गत तीन माह के दौरान मार्च, 2025 तक 9 प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 278 युवक-युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। बैठक के दौरान आरसेटी द्वारा वार्षिक कार्य योजना रिपोर्ट भी जारी की गई। बैठक में आरबीआई शिमला से जिला विकास अधिकारी तरुण चौधरी, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड बिक्रमजीत सिंह, उप निदेशक कृषि राजकुमार, प्रधानाचार्य आईटीआई नाहन अशरफ अली, सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों के अलावा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि व गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GIPHY App Key not set. Please check settings

Back to Top

Ad Blocker Detected!

Refresh

Add to Collection

No Collections

Here you'll find all collections you've created before.

Close