हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
हिल व्यू पब्लिक स्कूल, माजरा में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में एनआईटी जयपुर के पूर्व रिसर्च एसोसिएट आकाश दीप ने मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स और एआई की बारीकियों से अवगत करवाया। आकाश दीप ने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स के मूल सिद्धांतों, सेंसर, कोडिंग, ऑटोमेशन तथा दैनिक जीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी। उन्होंने प्रैक्टिकल डेमो के माध्यम से बताया कि एआई और रोबोटिक्स आने वाले समय में चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, उद्योग और अंतरिक्ष विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को स्वयं छोटे-छोटे तकनीकी प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों को लेकर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं से उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ तकनीक का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है। कार्यक्रम में विद्यालय की फैकल्टी सदस्य इमराना, नैन्सी और रक़ीबा ने भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर कार्यशाला के सफल संचालन में सहयोग दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की निदेशिका पूनम गोयल एवं शैक्षणिक निदेशक अजय शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का युग है और विद्यार्थियों के लिए एआई तथा रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों का ज्ञान हासिल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल विकास के लिए इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या आशु शर्मा ने समन्वयक नीतू सिंह की उपस्थिति में मुख्य संसाधन व्यक्ति आकाश दीप का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी रही।
