हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यालय के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से संयुक्त विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। यह समिति शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत गठित की गई है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (Right to Education Act-2009) एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (National Education Policy-2020) के प्रावधानों के तहत विद्यालय में संयुक्त विद्यालय प्रबंधन समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया। विद्यालय में बाल वाटिका से लेकर 12वीं कक्षा तक कुल 988 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
समिति गठन के दौरान लगभग 400 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सर्वसम्मति से विद्यालय प्रबंधन समिति का चयन किया। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यालय प्रबंधन समिति के अंतर्गत दो उप-समितियां भी कार्य करेंगी। इनमें अकादमिक उप-समिति तथा बिल्डिंग एवं फंड उप-समिति शामिल हैं, जो विद्यालय के शैक्षणिक विकास और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। हाल ही में सीबीएसई के अंतर्गत प्रधानाचार्य का कार्यभार संभालने वाले श्री जोगीराम कन्याल ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति के योग्य एवं सक्रिय सदस्यों के सहयोग से इस प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी विद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग देने की अपील की। विद्यालय प्रबंधन समिति का यह गठन शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सहभागी, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
