हिमवंती मीडिया/शिवपुर 

पांवटा साहिब क्षेत्र के शिवपुर स्कूल के मेधावी छात्र आरव शर्मा ने जमा दो के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 500 में से 490 अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ आरव ने पूरे हिमाचल प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया, जबकि ओवरऑल मेरिट सूची में वह सातवें स्थान पर रहे। आरव की इस सफलता से स्कूल और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

स्कूल के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरव शर्मा विद्यालय का होनहार छात्र है, जो पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्कूल का परीक्षा परिणाम भी शानदार रहा है। स्कूल का विज्ञान संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि आर्ट्स का परिणाम 80 प्रतिशत और कॉमर्स का 91 प्रतिशत दर्ज किया गया। अपनी सफलता पर आरव शर्मा ने बताया कि वह प्रतिदिन लगभग 3 से 4 घंटे नियमित पढ़ाई करता था। साथ ही उसने कहा कि वह आगे चलकर जेईई मेन्स की तैयारी कर इंजीनियर बनना चाहता है।आरव की इस उपलब्धि पर उसके परिवार और शिक्षकों ने गर्व व्यक्त किया है।