हिमवंती मीडिया/सुजानपुर

सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटलांदर में महिला मंडल सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला मंडलों की सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर महिला मंडलों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्लास्टिक मुक्त हिमाचल के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाया गया। ट्रस्ट द्वारा स्टील की थालियां एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री वितरित कर लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूर रहने का संदेश दिया गया। ट्रस्ट के संस्थापक एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि महिलाएं समाज की वास्तविक शक्ति और परिवार की आधारशिला हैं। यदि महिला सशक्त होगी तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट वर्षों से महिला मंडलों को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य कर रहा है। यह केवल सम्मान समारोह नहीं बल्कि महिलाओं को सामाजिक नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के अभियानों से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट पिछले लगभग 25 वर्षों से जनसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय है। ट्रस्ट ने निःशुल्क मेडिकल कैंप, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश की पहली ऐसी सामाजिक संस्था है, जो जापान की प्रतिष्ठित संस्थाओं सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सहयोग से भी समाजसेवा के कार्य कर रही है। ट्रस्ट को जनकल्याण के उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्त हिमाचल केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है और इस अभियान में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम के दौरान महिला मंडलों ने भी ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की सराहना करते हुए प्लास्टिक मुक्त हिमाचल और सामाजिक जागरूकता के अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। ट्रस्ट ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल हिमाचल के निर्माण का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।