हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
महाविद्यालय पांवटा साहिब में एन.एस.एस. इकाई द्वारा एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम “स्वच्छता ही सेवा” के अंतर्गत आयोजित किया गया और इसमें कुल 90 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता और महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की आदत को प्रोत्साहित करना था। इस दौरान महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने घर, विद्यालय तथा समाज में स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण डफ्रेक तथा प्रो. प्रतिभा चौधरी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और यह हमारे स्वास्थ्य, समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न नारे और स्लोगन प्रस्तुत किए जैसे- “एक कदम स्वच्छता की ओर” और “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत”। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें यह संकल्प लिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान न होकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनेगी।
