हिमवंती मीडिया/पावटा साहिब
पांवटा साहिब के किड्स पैराडाइज स्कूल में ‘ट्रैफिक लाइट डे’ बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर बच्चों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया गया और सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम के दौरान नन्हें विद्यार्थियों को रेड, ग्रीन और येलो लाइट के बारे में विस्तार से बताया गया। बच्चों को समझाया गया कि लाल बत्ती पर रुकना, पीली बत्ती पर सावधान रहना और हरी बत्ती पर चलना चाहिए। इसके साथ ही उन्हें ज़ेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक साइन और सड़क पार करने के सही तरीकों की जानकारी भी दी गई।
स्कूल की अध्यापिकाओं ने बच्चों को बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और हमेशा स्पीड लिमिट का पालन करना चाहिए। साथ ही यह भी समझाया गया कि यदि हम ट्रैफिक नियमों का सही तरीके से पालन करें, तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने “लाल बत्ती कहती थम, चलते-चलते रुकते हम…” कविता प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। इस प्रकार मनोरंजक और शिक्षाप्रद गतिविधि के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
