हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
एकादशी के पावन पर्व पर श्री विश्वकर्मा मंदिर में राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए मीठे पानी की छबील का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने छबील का प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर संजीवनी लाइफ बियॉन्ड कैंसर संस्था की ओर से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और कैंसर के प्रति जागरूक करने का अभियान भी चलाया गया।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि कैंसर से बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, नशे से दूरी, शुरुआती लक्षणों की समय पर पहचान तथा नियमित स्वास्थ्य जांच सबसे प्रभावी उपाय हैं। आयोजकों ने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर सभी को एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि एकादशी का व्रत तन और मन दोनों को पवित्र करता है तथा भगवान श्रीहरि के चरणों में ध्यान लगाने का श्रेष्ठ अवसर प्रदान करता है। प्रार्थना की गई कि भगवान श्रीकृष्ण सभी को स्वस्थ, प्रसन्न और निरोगी रखें तथा अपनी कृपा सभी भक्तों पर सदैव बनाए रखें।
