हिमवंती मीडिया/बद्दी
एकीकृत बाल विकास सेवा (आई.सी.डी.एस.) परियोजना नालागढ़ के अंतर्गत बाल विकास परियोजना अधिकारी एन.आर. नेगी के नेतृत्व में तथा ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से आई.आर.जी. संस्था द्वारा भटिया पंचायत में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में महिला मंडल प्रधान जसपाल कौर, वार्ड पंच राजिंदर कौर, तथा विभिन्न पंचायतों और आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता नीमवाला धाना से मीना कुमारी, धाना से शबानी देवी, भमन माजरा से निर्मला देवी, ढुंडले से जसवीर कौर, निचली भटिया से जतिंदर कौर और ऊपरी भटिया से पूनम देवी — विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इनके साथ-साथ क्षेत्र की 75 से अधिक महिलाएं और ग्रामीणजन भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। उन्होंने कविताएं, गीत, गिद्धा और नृत्य प्रस्तुत किए, जिनमें “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “बालिका सशक्तिकरण” और “बेटी है तो कल है” जैसे प्रेरणादायक संदेशों को उजागर किया।

उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया और सभी ने बालिकाओं के आत्मविश्वास एवं प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर आई.आर.जी. संस्था के प्रोग्राम ऑफिसर बलजिंदर सिंह, स्वास्थ्य कार्यकर्ता पिंकी वर्मा एवं सुषमा शर्मा उपस्थित रहे। बलजिंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “बेटी किसी घर की नहीं बल्कि पूरे समाज की पहचान होती है। जब हम बेटियों को समान अवसर, शिक्षा और सम्मान देते हैं, तब ही एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव होता है। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर को राजपुरा और नालागढ़ के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनमें छात्राओं को सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का समापन बालिकाओं के समूह नृत्य और गीत के साथ हुआ, जिसमें “बेटी है तो कल है” का सुंदर भावनात्मक संदेश दिया गया। यह आयोजन न केवल बालिकाओं के महत्व को उजागर करता है, बल्कि समाज को यह भी प्रेरित करता है कि हर बेटी को सम्मान, सुरक्षा और अवसर मिलना उसका अधिकार है।
