हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
हिल व्यू पब्लिक स्कूल, माजरा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “हर महिला को सशक्त बनाएं: समानता, प्रगति, समावेशन” के तहत महिलाओं के अधिकारों और अवसरों की समानता पर बल दिया गया। इस थीम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक महिला एक अधिक न्यायसंगत भविष्य में योगदान दे सके। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सबसे पहले 28 फरवरी 1909 को अमेरिका में न्यूयॉर्क में मनाया गया था। इसके बाद, 1910 में इसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली। संयुक्त राष्ट्र ने 1975 में इसे आधिकारिक रूप से मनाना शुरू किया और 1977 में इसे महिलाओं के अधिकारों और विश्व शांति के लिए समर्पित दिवस घोषित किया गया।
यह दिन महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का उत्सव है और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर आयोजित प्रार्थना सभा में कक्षा 6 की छात्रा जबींन व अन्य विद्यार्थियों ने महिला दिवस और इसकी थीम पर प्रभावशाली भाषण दिया। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, अधिकारों और समाज में उनकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। बोर्ड परीक्षाओं के चलते कार्यक्रम संक्षिप्त रहा, लेकिन इसका संदेश गहरा और प्रेरणादायक था। कन्याओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय की निर्देशिका पूनम गोयल ने लड़कियों के प्रवेश पर 50% प्रवेश शुल्क में छूट देने की घोषणा की है। यह पहल बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।