हिमवंती मीडिया/शिमला
हिमाचल प्रदेश में मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (एमआईएस) के तहत सी-ग्रेड सेब खरीद की नई व्यवस्था पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार के इस फैसले को बागवानों के साथ सरासर अन्याय करार देते हुए तीखा हमला बोला है। शिमला से जारी एक कड़े बयान में नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की नीयत और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार सेब खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के बड़े-बड़े दावे कर अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत में बागवानों के अधिकारों पर कैंची चलाई जा रही है। समस्याओं को दूर करने के बजाय अपनी आंखें मूंदकर बैठी है। बागवानों को न तो समय पर स्प्रे ऑयल मिल रहा है, न गुणवत्तापूर्ण खाद, न दवाइयां और न ही एमआईएस के तहत बेचे गए सेब का पुराना भुगतान किया जा रहा है।
