हिमवंती मीडिया/राजगढ़

सिरमौर के राजगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 140 पेटियां शराब बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम गश्त और सुराग बुरारी पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन नंबर HP 62-4944 में अवैध शराब की खेप सोलन की तरफ से नेरी पुल की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नेरी स्थित ठाकुर ढाबा के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका। वाहन चालक ने अपनी पहचान संदीप वर्मा निवासी गांव बजोग, डाकघर टाली भूज्जल, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पिकअप से देसी शराब “संतरा नंबर-1” की 50 पेटियां तथा अंग्रेजी शराब “Royal Stag” की 90 पेटियां बरामद हुईं। कुल 140 पेटियों के संबंध में आरोपी कोई लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस मामले में पुलिस थाना राजगढ़ में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। रास्ते में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, युवक का हाथ टूटा Renuka Ji क्षेत्र में रास्ते में खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार विजेंद्र तोमर निवासी गांव बेडोन, डाकघर व तहसील ददाहू, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना रेणुका जी में शिकायत दर्ज करवाई कि 30 अप्रैल 2026 को वह अपने पिता को गांव छोऊ भोगर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लेखराज की गाड़ी खड़ी थी। गाड़ी हटाने को कहने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लेखराज ने अपने भाई के साथ मिलकर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में विजेंद्र के दाहिने हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।