हिमवंती मीडिया/शिमला 

संस्कृत महाविद्यालय शिमला के तुंगेश कॉलेज में रेड रिब्बन क्लब और एन.एस.एस. के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर शर्मा जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका एवं योगदान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को देश की प्रगति एवं विकास की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए उन्हें अपने दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता आदि प्रमुख रहे।

विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राधा शर्मा एवं डॉ सतीश कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की रीढ़ की हड्डी बताते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मकता की भावना को विकसित करना रहा।