हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब 

राजकीय संस्कृत महाविद्यालय तुंगेश शिमला के विद्यार्थियों ने संस्कृत दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किए। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सचिन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्नेहा वर्मा ने अनुवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी भाषिक प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं गुंजन ने श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विशेष उल्लेखनीय है कि आयोजित कुल चार प्रतियोगिताओं में से तीन प्रतियोगिताओं के प्रथम पुरस्कार राजकीय संस्कृत महाविद्यालय तुंगेश शिमला के विद्यार्थियों ने प्राप्त किए। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। महाविद्यालय प्रशासन एवं समस्त अध्यापक वर्ग ने विजेता विद्यार्थियों सहित सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों की इस सफलता को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने तथा उनका उत्साहवर्धन करने के लिए प्रो. उषा शर्मा के प्रयासों की भी सराहना की गई। उनके कुशल मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के परिश्रम के फलस्वरूप महाविद्यालय ने राज्य स्तरीय मंच पर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। यह उपलब्धि राजकीय संस्कृत महाविद्यालय तुंगेश शिमला के लिए गौरव का विषय है और विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम तथा संस्कृत के प्रति उनके समर्पण को प्रदर्शित करती है।