हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) की पवित्र धरा से लाई गई पावन मिट्टी से सुशोभित राष्ट्रीय कलश यात्रा का पुरूवाला स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का पुष्प वर्षा एवं जयघोष के साथ अभिनंदन किया। धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी के संदेशों का स्मरण करते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संकल्प लिया। जानकारी के अनुसार, यह पावन कलश यात्रा अब पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न 13 श्री गुरु रविदास मंदिरों में विराजमान होगी, जहां श्रद्धालु दर्शन कर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज का समरसता, समानता और मानवता का संदेश आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है। उनके विचार सामाजिक एकता, भाईचारे और सभी वर्गों के सम्मान का मार्ग प्रशस्त करते हैं।”श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।