हिमवंती मीडिया/शिमला
शिमला की दृष्टिबाधित गायिका मुस्कान नेगी ने गोवा में आयोजित इंटरनेशनल पर्पल फेस्ट में धमाल मचा दिया। उन्होंने दिल्ली के दिव्यांगजनों के बैंड ‘द शाइनिंग स्टार’ के साथ दो गीत गाए, जिनमें “जबां पे लागा, लागा रे नमक इश्क़ का” और “जिया जिया रे जिया, जिया रे” शामिल हैं। उनके गाने ने खचाखच भरे हाल में दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। देश-विदेश के दर्शकों ने उनके गीतों का आनंद लिया और उन पर खूब नाचे।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुस्कान नेगी को उनकी बेहतरीन प्रस्तुति के लिए सम्मानित भी किया गया। यह महोत्सव दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में लाने और उनके सशक्तिकरण के लिए आयोजित किया जाता है। इस बार लगभग 25 देशों के 25 हजार से अधिक दिव्यांग प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया। मुस्कान नेगी ने उमंग फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर के रूप में पहली बार इस महोत्सव में हिस्सा लिया।
