हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब 

रोटरी क्लब पांवटा साहिब द्वारा द स्कॉलर्स होम स्कूल में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं कला को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समा बांधा। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित एकल नृत्य प्रतियोगिता में कक्षा 6 की छात्रा सिया ने राजस्थानी गीत “लुका छुपी” नृत्य पर प्रस्तुति दी। वहीं हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा की छात्रा कक्षा 8 की हिमानी शर्मा ने गीत “नैना वाले” पर अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से सभी दर्शकों व निर्णायकों को प्रभावित किया तथा जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। वहीं कक्षा 9 की छात्राएं भूमिका, वंशिका, शिफा एवं रितिका ने अपनी सुरीली आवाज से समूह गान गाया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष अंशुल  गोयल एवं कविता गर्ग सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में अत्यंत सहायक होते हैं। विद्यालय की निर्देशिका पूनम गोयल ने सभी प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों तथा विद्यालय के 49 अध्यापकों, विशेषकर रमा मिश्रा एवं शाहिदा अंसारी को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने हिमानी शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए कहा कि उसकी उपलब्धि विद्यालय एवं क्षेत्र दोनों के लिए गर्व का विषय है। हम रोटरी क्लब पांवटा साहिब, अध्यक्ष अंशुल गोयल एवं कविता गर्ग का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने विद्यार्थियों को यह अमूल्य मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन दिया।