हिमवंती मीडिय/शिमला
राजकीय महाविद्यालय संजौली के प्राणी विज्ञान विभाग द्वार महिला कर्मचारियों एवं छात्राओं के लिए स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर तथा मासिक धर्म स्वच्छता पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. आयुषी वर्मा रहीं, जिन्होंने इस विषय पर विस्तृत और वैज्ञानिक जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर भारती द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आज के समय की आवश्यकता हैं, खासकर युवतियों एवं महिलाओं के लिए, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान और रोकथाम संभव हो सके। प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि किशोरावस्था में इन बीमारियों को लेकर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अक्सर जानकारी के अभाव में कई महिलाएं इन बीमारियों की गंभीरता को समझ नहीं पातीं, जिससे देर से निदान होता है।
डॉ. आयुषी वर्मा ने अपने व्याख्यान में स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, कारण, रोकथाम के उपाय तथा उपचार की आधुनिक विधियों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को भी विस्तार से समझाया। व्याख्यान के उपरांत, छात्राओं को स्तन कैंसर की स्वयं जांच (Self Examination) की विधियों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। इस अवसर पर प्रो. हिमानी, प्रो. शालू, प्रो. रीता तथा प्रो. सरोज सहित कॉलेज के अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 300 छात्राओं ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में दो दिन से एचबी (हीमोग्लोबिन), शुगर एवं बीपी (ब्लड प्रेशर) की जांच का शिविर भी चल रहा है, जिसका लाभ छात्राएं और महिला कर्मचारी उठा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. श्वेता ने सभी अतिथियों, छात्राओं एवं आयोजकों का आभार प्रकट किया।
