हिमवंती मीडिया/पावटा साहिब
राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस के अवसर पर यमुना शरद महोत्सव धार्मिक अनुष्ठान समिति द्वारा पांवटा साहिब के एसडीएम द्विज गोयल को सम्मानित किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए प्रशासनिक सेवा में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में सिविल सेवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यक्षमता, समर्पण और नवाचार को सम्मानित करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अधिकारी देश के “स्टील फ्रेम” के रूप में कार्य करते हुए शासन व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं।
समिति के सदस्य मदन शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं और अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्पक्षता, निडरता और सत्यनिष्ठा के साथ करते हैं। वहीं अजय शर्मा ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 21 अप्रैल 1947 को प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्य को सराहते हुए इस दिवस को मनाने की परंपरा की शुरुआत की थी। इस अवसर पर जीवन प्रकाश जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। सम्मान प्राप्त करने के बाद एसडीएम द्विज गोयल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने पद के अनुरूप पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहेंगे तथा जनसेवा को सर्वोपरि रखेंगे। कार्यक्रम में समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
