हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा के दो विद्यार्थियों विवाना ठाकुर एवं कनिष्क ठाकुर ने जिला सिरमौर संघ के तत्वावधान में आयोजित हिमाचल प्रदेश स्टेट शतरंज चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। जिसका सफल समापन द स्कॉलर्स होम स्कूल में पावटा साहिब में बड़े उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय के छात्र कनिष्क ठाकुर (कक्षा पाँचवीं) एवं विवाना ठाकुर (कक्षा सातवीं) ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंडर-11 बालिका वर्ग में विवाना ठाकुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं अभिभावकों को गौरवान्वित किया।
वहीं कनिष्क ठाकुर ने भी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस जीत के अवसर पर आज विद्यालय परिसर में दोनों विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय की निदेशक पूनम गोयल ,अकादमिक निदेशक अजय शर्मा और प्रधानाचार्य आशु शर्मा ने दोनों विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकों में भी खुशी का माहौल रहा।
