हिमवंती मीडिया/भंगानी

पांवटा साहिब: राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंगानी साहिब में प्रधानाचार्य राजीव शर्मा के निर्देशानुसार छठी कक्षा में प्रवेश लेने वाले नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के स्वागत एवं अभिनंदन हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना और विद्यालय परिवार से आत्मीय जुड़ाव स्थापित करना रहा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजीव शर्मा ने बच्चों को मालाएँ पहनाकर तथा उपहार भेंट कर उनका स्वागत किया। विद्यालय परिसर में बच्चों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और नई उमंग साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त अध्यापकगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

वहीं विद्यालय का इस वर्ष का वार्षिक परीक्षा परिणाम भी बेहद सराहनीय रहा। विद्यालय का बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 98 प्रतिशत तथा दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 88 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानाचार्य राजीव शर्मा सहित विद्यालय के सभी अध्यापक बधाई के पात्र हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया। विद्यालय की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।