हिमवंती मीडिया/शिमला
अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी के मामले में प्रदेश कांग्रेस ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी खेल परिसर से राम बाजार राम मंदिर तक प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जय श्रीराम के नारों से पूरा शिमला गूंज उठा। इसके बाद मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों ने राम मंदिर में पूजा-अर्चना और हवन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर का राजनीतिकरण किया है। करोड़ों लोगों ने राम मंदिर के निर्माण के लिए अपनी श्रद्धानुसार दान दिया। उन्होंने कहा कि हम हिन्दू हैं तथा हमारी भगवान राम में अथाह आस्था है। जब मंदिर का निर्माण हो रहा था, तब उनके पास भी मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्रित करने के लिए राम भक्त आए थे तथा मैंने अपनी श्रद्वानुसार इसके लिए चंदा दान किया। उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन हो रहा था, तब पूरे देश में आधे दिन की छुट्टी दी गई थी। परन्तु हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूरे दिन का अवकाश प्रदान किया क्योंकि भगवान राम हमारे अराध्य हैं तथा भगवान राम के आदर्शों पर हम चलते हैं। उन्होंने कहा कि हमें जो भी उनसे प्ररेणा लेनी है उसे अपनाने की हमने कोशिश की।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राम के असली भक्त, उनके नाम पर राजनीति नहीं करते। भगवान राम का मुख्य उद्देश्य इंसानियत की सेवा करना है। हिन्दू संस्कृति सिखाती है कि सभी का सम्मान करो। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के बाद करोड़ों लोगों ने अपनी क्षमतानुसार जेवर तथा पैसे के रूप में चंदा दान किया। भगवान राम द्वारा जो रास्ता दिखाया है उसको अपनाएं। लेकिन राम मंदिर में जो चंदा चोर बैठे हैं, इन चोरों ने चंदे की चोरी ही नहीं की है, बल्कि रामभक्तों की आस्था की चोरी की है। जहां आस्था की चोरी होती है, वहां भारत के सभी नागरिक इसके विरुद्ध खड़े हो जाते हैं।
