हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
गिरिपार क्षेत्र के आँज भोज में बीती जोरदार बरसात के कारण गोरखुवाला और सालवाला पंचायत में भारी नुकसान हुआ है। 50 से अधिक परिवार घुट-घुट कर जीने को मजबूर हैं, वहीं लगभग 200 बीघा नगदी फसल भी पूरी तरह तबाह हो गई है। इस भीषण तबाही को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर कड़े सवाल उठाए हैं उन्होंने कहा कि “सरकार बोलती बहुत है लेकिन करती कुछ नहीं।
उन्होंने ने बताया कि किसानों और बागवानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लोग भूखे-प्यासे जी रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक टीमें मौके पर नहीं पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि केवल एसडीएम पांवटा ही राहत कार्यों में सक्रिय हैं, जबकि जल शक्ति विभाग, बिजली विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। उधर, विधायक सुखराम चौधरी के आदेशों पर सुबह 5 बजे से अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण किया जा रहा है और पूरी रिपोर्ट विधायक तक पहुंचाई जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत और मुआवजा मिल सके। रमेश तोमर ने कहा कि बार-बार हो रही इस तरह की तबाही से किसान-बागवान टूट चुके हैं। घर, गौशालाएं, बकरियां और भैंसें बह गई हैं, लेकिन सवाल यह है कि जनहानि या पशुधन की हानि का जिम्मेदार आखिर कौन होगा? अब जनता यही पूछ रही है कि केवल आश्वासन देने वाली सरकार कब धरातल पर राहत पहुंचाएगी।
