हिमवंती मीडिया/पावटा साहिब
भारत भारती हिमाचल प्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल कविंद्र गुप्ता जी से लोक-भवन शिमला में “हिन्द की चादर” अभिनंदन कार्यक्रम के संदर्भ में की शिष्टाचार भेंट। हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से लोक भवन, शिमला में भारत भारती हिमाचल प्रदेश प्रतिनिधि मंडल द्वारा “हिन्द की चादर” अभिनंदन कार्यक्रम के संदर्भ में शिष्टाचार भेंट की गई। यह भेंट अत्यंत सौहार्दपूर्ण, प्रेरणा दाई एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल को हिमाचली शॉल, पारंपरिक टोपी एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भारत भारती हिमाचल प्रदेश द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही ऐतिहासिक एवं पावन गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब का चित्र स्मृति-चिन्ह स्वरूप भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। भारत भारती हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल द्वारा राज्यपाल से विनम्र आग्रह किया गया कि वे अपने अमूल्य समय में से कुछ समय निकालकर जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में आयोजित होने वाले “हिन्द की चादर” अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारकर कार्यक्रम की गरिमा एवं शोभा बढ़ाएं।
महामहिम राज्यपाल ने इस पुनीत, राष्ट्र प्रेरक एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत आयोजन की सराहना करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का आश्वासन प्रदान किया।एक भारत श्रेष्ठ भारत उद्देश्य की पूर्ति हेतु भारत भारती हिमाचल प्रदेश के प्रस्तावित आयोजन हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस, गुरु पुत्रों के शहीदी दिवस, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती एवं वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वें वर्ष कार्यक्रम को समर्पित रहेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, त्याग, शौर्य, संस्कार एवं सामाजिक समरसता की भावना जागृत करना है। भारत-भारती संस्था के क्षेत्रीय प्रचारक डॉ. राजकुमार उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष नत्थीमल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह नारंग, प्रदेश संयोजक अजय शर्मा ने भारत भारती के गठन, उद्देश्यों एवं भावी कार्यक्रमों के बारे में महामहिम राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को विस्तार से चर्चा उपरांत संपूर्ण जानकारी सांझा की। इस अवसर पर भारत-भारती संस्था के क्षेत्रीय प्रचारक डॉ. राजकुमार उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष नत्थी मल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह नारंग, रितु नारंग, प्रदेश संयोजक अजय शर्मा, रविंद्र सिंह जग्गी, बृजमोहन शर्मा (शिमला) आरुषी शर्मा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
