हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब(प्रीति चौहान)

पांवटा साहिब की पुरूवाला पंचायत के रहने वाले 53 वर्षीय पेंटर भगत राम गंभीर हादसे का शिकार हो गए हैं। दरअसल, वे दीवार पर पेंट कर रहे थे तो अचानक बिजली की तार की चपेट में आने से उनके दोनों हाथ और पैर झुलस गए हैं। हादसे में उनका एक हाथ पूरी तरह खराब हो चुका है। जिसकी सर्जरी होगी और उसे रिमूव किया जाएगा। बता दें कि लगभग डेढ़ माह पहले भगत राम इस हादसे का शिकार हुए है।उसके बाद एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चला और दो सर्जरी भी हुई है। लेकिन अब आयुष्मान कार्ड की लिमिट खत्म हो जाने के कारण उनका इलाज रुक गया है। पिछले एक महीने से ज्यादा समय से वे बेड पर हैं और परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। घर में पत्नी और एक बेटा ही हैं, जो उनका सहारा हैं। इस दुखद परिस्थिति को देखते हुए पांवटा साहिब की लग्जरी स्टूडियो सलून की मालकिन प्रतिमा बहादुर और उनकी टीम ने भगत राम के घर पहुंचकर आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने समाज से भी अपील की कि सभी लोग इस संघर्षरत परिवार की यथासंभव मदद करें। उन्होंने कहा कि भगत राम की मदद कर हम एक जीवन बचा सकते हैं। इसके साथ उनके साथ के सदस्य भी मौजूद रहे।