हिमवंती मीडिया/बद्दी
पुलिस जिला बद्दी ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नालागढ़ और थाना बरोटीवाला क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में दो जेसीबी, एक पोकलेन मशीन और चार टिप्परों को कब्जे में लिया है। आरोपियों के खिलाफ खनन अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बता दे कि दिनांक 08-06-2026 को थाना नालागढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सल्लेवाल स्थित चिकनी खड्ड में रात के समय अवैध खनन चल रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी। पुलिस को देखकर एक जेसीबी और दो टिप्परों के चालक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर टिप्पर चालक विक्रम सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह और समर सिंह, दोनों निवासी गांव मरालोत, डाकघर हरनास, तहसील थुरु, जिला रियासी, जम्मू-कश्मीर को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने खनन में प्रयुक्त सभी वाहनों को कब्जे में लेकर थाना नालागढ़ में मामला दर्ज कर लिया है। वही दिनांक 09-06-2026 को थाना बरोटीवाला पुलिस को सूचना मिली कि शेरां खड्ड क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है। टीम ने मौके पर दबिश देकर दो टिप्पर, एक जेसीबी और एक पोकलेन मशीन को खनन करते रंगे हाथ पकड़ा।
पुलिस ने टिप्पर चालक नीरज पुत्र करनैल सिंह, हरकिरत सिंह पुत्र हरभजन सिंह तथा जेसीबी चालक आसिफ पुत्र यासीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। थाना बरोटीवाला में सभी वाहनों को जब्त कर केस दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा पुलिस चौकी दभोटा ने अवैध खनन में संलिप्त पाए गए एक ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन का चालान किया है। चालान आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में भेज दिए गए हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा, कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्राकृतिक संसाधनों की लूट और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। बद्दी पुलिस को एक अन्य सफलता भी मिली है। CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रैक कर पुलिस ने लगभग ₹16,000 कीमत का एक गुम हुआ मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद फोन को नियमानुसार उसके असली मालिक के सुपुर्द कर दिया।
