हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान मौजूद रहे। इस दौरान कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। सम्मानित होने वालों में गांव डोईवाला के शहीद कुलविंद्र सिंह की वीरनारी, गांव हलांह के शहीद कल्याण सिंह की वीरनारी, गांव राजपुर के शहीद समीर कुमार की वीरमाता, गांव कोटड़ी व्यास के शहीद कमलकांत के परिजन, गांव सूरजपुर के शहीद शेर सिंह की वीरनारी, गांव कोलर के शहीद विरेंद्र सिंह की वीरनारी, गांव मानपुर देवड़ा के शहीद सोहन सिंह की वीरनारी, गांव शखोली के शहीद भरत सिंह के माता-पिता, गांव शिलाई के शहीद प्रमोद नेगी के माता-पिता तथा गांव भरली के शहीद आशीष सिंह के माता-पिता शामिल रहे। इस अवसर पर संगठन के नरेंद्र सिंह ठुंडू ने समस्त जनता से अपील करते हुए कहा कि “राष्ट्र सर्वोपरि” की भावना को हमेशा अपने हृदय में जीवित रखें तथा भारतीय सेना, वीर जवानों और वीर परिवारों का सदैव सम्मान करें। कार्यक्रम में संगठन की ओर से डॉ. (कैप्टन) एस.पी. खेड़ा (सेवानिवृत्त) के अलावा अध्यक्ष करनैल सिंह, उपाध्यक्ष रामभज धीमान एवं हरिंदर सिंह, सचिव ओमप्रकाश, कोषाध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, सह-सचिव चमेल नेगी, सह-कोषाध्यक्ष निर्मल सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी अब्दुल वाहिद एवं जगदीश चंद्र, कानूनी सलाहकार वीरेंद्र चौहान सहित संगठन के सभी सदस्य अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों और शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।