हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब की पावन एवं ऐतिहासिक नगरी में 16 मई 2026 को National Independent Schools Alliance (NISA) का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस भव्य सम्मेलन में देशभर के 20 से अधिक राज्यों से शिक्षाविद, निजी विद्यालय संचालक एवं शिक्षा प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन को लेकर शिक्षा जगत में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सम्मेलन के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारियों के चुनाव भी संपन्न कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया NISA के बायलॉज के अनुसार चुनाव अधिकारी एडवोकेट अनिंदर सिंह पंढेर की निगरानी में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, निजी विद्यालयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा “विकसित भारत” के निर्माण में शिक्षा की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही सम्मेलन में कई अहम राष्ट्रीय प्रस्ताव भी पारित किए जाने की संभावना है।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी NISA हिमाचल प्रदेश इकाई द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम का संचालन हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष श्री गुलशन कुमार एवं The Scholars Home, पांवटा साहिब के प्रबंध निदेशक श्री नरेंद्र पाल सिंह नारंग के नेतृत्व में किया जाएगा।आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 मई 2026 को देशभर से आए सभी शिक्षाविद एवं प्रतिनिधि The Scholars Home School, पांवटा साहिब का भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी अतिथियों को सम्मानित किया जाएगा।आयोजकों के अनुसार यह राष्ट्रीय सम्मेलन शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए विचारों और सकारात्मक बदलावों को दिशा देने का कार्य करेगा।