हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में ट्रैफिक की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। गोविंद घाट बैरियर से शहर के भीतर प्रवेश करते ही अव्यवस्था साफ नजर आती है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से लेकर गुरु गोविंद सिंह पार्क तक सड़क के दोनों किनारों पर नो-पार्किंग जोन के बावजूद भी वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पांवटा कन्या स्कूल से कोर्ट परिसर तक स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां सड़क के दोनों ओर अवैध पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस विभाग का कार्यालय महज 100–200 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद इस समस्या पर कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही।सड़क किनारे खड़े वाहनों के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।

पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, कई बार उन्हें मजबूरन सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नो-पार्किंग नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, नियमित चालान काटे जाएं और शहर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए