हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
इस्कॉन पांवटा साहिब द्वारा आगामी भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में श्रद्धेय हिज ग्रेस (HG) तीर्थराज प्रभु जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। तीर्थराज प्रभु जी, जिन्होंने अपने जीवनकाल में अनेक भव्य रथ यात्राओं का सफल संचालन किया है, ने अपने पावन और दीर्घकालिक अनुभवों को पांवटा साहिब के भक्तों के साथ साझा किया। उन्होंने यात्रा को पूर्ण रूप से सुव्यवस्थित, सुरक्षित और दिव्य रूप से संपन्न कराने के लिए बहुमूल्य सूत्र व मार्गदर्शन दिया। बैठक में इस्कॉन पांवटा साहिब की Festival Committee के मुख्य पदाधिकारी डॉ. चंदेल प्रभु जी, देवेंद्र शर्मा प्रभु जी, सुशील कपूर प्रभु जी, कपिल तायल प्रभु जी एवं मोहिनी प्रभु जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही इस्कॉन पांवटा साहिब के सभी भक्तगण और नगर के अन्य गणमान्य श्रद्धालु भी इस बैठक में सम्मिलित हुए। सभी ने एक स्वर में इस महोत्सव को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और हर्षोल्लास के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में रथ यात्रा के मार्ग, भक्तों की सुविधा, प्रसाद वितरण, कीर्तन मंडली, सुरक्षा व्यवस्था और प्रचार-प्रसार जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। तीर्थराज प्रभु जी ने बताया कि रथ यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान जगन्नाथ की कृपा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है, इसलिए प्रत्येक सेवा प्रेम और अनुशासन के साथ होनी चाहिए। इस्कॉन पांवटा साहिब के भक्तों में महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
