हिमवंती मीडिया/बद्दी(शांति गौतम)
न्यू टाउन माधव बस्ती में शनिवार को पांचवें सिख गुरु, Guru Arjan Dev के 420वें शहीदी दिवस के अवसर पर श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मीठे पानी की छबील तथा विशाल लंगर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से छबील शुरू की गई, जिसमें राहगीरों और श्रद्धालुओं को मीठा एवं ठंडा जल वितरित किया गया। इसके साथ ही कढ़ी-चावल के विशाल लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसे सैकड़ों लोगों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। आयोजकों ने बताया कि गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस सेवा, त्याग और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष छबील और लंगर का आयोजन किया जाता है।
इस आयोजन में अमु सिंह, स्वास्तिक गौतम, विकास, अमित, रमनदीप सिंह ढिल्लों, शौर्य, शिवाय, नवराज, युवराज, सतीश कुमार, शमशेर, मंदीप सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं न्यू टाउन वेलफेयर एसोसिएशन के शांति स्वरूप, बलबीर कुमार, संदीप कुमार शर्मा, फतेह सिंह, अक्षय, मंदीप, नरेश, कविता और बेबो सहित अन्य सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। आयोजन के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और भाईचारे का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने गुरु अर्जुन देव जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
