हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

गिरिपार क्षेत्र के आँजभोज अंतर्गत नघेता गांव में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति निगम की निदेशक नसीमा बेगम ने स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर भूतपूर्व प्रधान लता देवी पुंडीर, महिला मंडल प्रधान रंजिता पुंडीर सहित क्षेत्र की कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं। ग्रामीणों ने अपने-अपने मुद्दे रखते हुए विकास से जुड़ी अपेक्षाएं साझा की। नसीमा बेगम ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को जागरूक करते हुए उन्हें सकारात्मक और विकासात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह जनसंपर्क अभियान केवल संवाद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आम जनता की आवाज को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार जनसंपर्क अभियान जारी रखने की बात कही।