हिमवंती मीडिया/धौलाकुआँ
धौलाकुआँ क्षेत्र के कोलर पंचायत के जंगल में जली हुई युवती का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या अंबाला में की गई थी, जिसके बाद शव को हिमाचल लाकर जंगल में जलाने का प्रयास किया गया। जानकारी के अनुसार अंबाला के बराडा थाना पुलिस, स्थानीय पुलिस और माजरा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी नवीन निवासी बराडा, जिला अंबाला को बातापुल के समीप से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने युवती की हत्या अंबाला स्थित अपने घर में की थी। इसके बाद शव को बैग में डालकर हिमाचल प्रदेश लाया गया। शव को रेहड़ी पर ले जाते समय आरोपी और एक अन्य व्यक्ति सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। इसी आधार पर बराडा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। गौरतलब है कि कोलर पंचायत के जंगल में युवती का लगभग जला हुआ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी थी। घटनास्थल पर हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य आपूर्ति निगम की डायरेक्टर नसीम बेगम भी पहुंचीं। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए लोगों से बेटियों की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क रहने की अपील की। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
