हिमवंती मीडिया/सोलन(शांति गौतम)
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा टोल टैक्स में की गई वृद्धि से उद्योगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और महँगाई में और बढ़ोतरी होगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी, सोलन जिला के औद्योगिक प्रकोष्ठ के सह प्रभारी ठाकुर हरिओम सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि उद्योग पहले ही कच्चे माल (रॉ मटेरियल) और पैकिंग सामग्री के बढ़े हुए दामों, साथ ही लगभग 50 प्रतिशत कम प्रोडक्शन पर काम कर रहे हैं। ऐसे में टोल टैक्स में वृद्धि उद्योगों के लिए अतिरिक्त बोझ साबित होगी।
हरिओम सिंह ने सरकार से मांग की है कि इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए और टोल टैक्स को पुराने दरों पर ही लागू रखा जाए, ताकि उद्योगों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि टोल टैक्स में हुई इस वृद्धि के कारण उद्योगपतियों में चिंता और निराशा का माहौल बना हुआ है, जिसे सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए
