हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में आज श्री पांवटा साहिब विकास मंच द्वारा विश्राम गृह में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान मंच के पदाधिकारियों ने जिला परिषद सतौन सीट एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर अपनी बात मीडिया के सामने रखी। प्रेस वार्ता में मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि आगामी चुनाव क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनता को ऐसे उम्मीदवारों का चयन करना चाहिए जो वास्तव में क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दें।

मंच के सदस्यों ने बताया कि वे लंबे समय से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते आ रहे हैं और आगे भी जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मंच किसी भी ऐसे प्रत्याशी का समर्थन करेगा, जो क्षेत्र के समग्र विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध होगा। इस दौरान मंच ने नगर निकायों में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल और सड़क जैसी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताते हुए इनके समाधान की मांग की। प्रेस वार्ता के अंत में मंच के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की जनता से जागरूक होकर मतदान करने की अपील की, ताकि एक मजबूत और विकासोन्मुख नेतृत्व का चयन हो सके।