हिमवंती मीडिया/शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के गरीब परिवारों को इलाज की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नई स्वास्थ्य बीमा नीति लाने जा रही है। इस नीति के अंतर्गत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा और यह सुविधा बहुत ही कम प्रीमियम पर उपलब्ध होगी। इस तरह की बीमा सुविधा उपलब्ध करवाने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि नई बीमा नीति के तहत प्रदेश के लगभग 10 लाख परिवार शामिल किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न वर्गों का समावेश होगा।

उन्होंने कहा कि नई बीमा पॉलिसी के तहत बड़े और उच्च स्तरीय अस्पतालों का सूचीबद्ध भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्धन वर्ग के लोग धन के अभाव में बेहतरीन चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने से वंचित न रह जाएं, इसी दृष्टिकोण और ध्येय के साथ नई नीति का प्रारूप तैयार किया गया है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में निरन्तर नवोन्मेषी पहल कर रही है। अस्पतालों और चिकित्सा शिक्षा का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। बेहतरीन उपचार के लिए मेडिकल जांच सेवाएं नितान्त आवश्यक हैं, जिसके दृष्टिगत राज्य में जांच सेवाओं के स्वचालन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे मरीजों को शीघ्र व सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और समय की बचत भी सुनिश्चित होगी।