हिमवंती मीडिया/शिलाई
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की मौजूदगी में पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई में छात्रा कबड्डी खेल छात्रावास का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जबकि शिलाई पहुंचने पर दोनों मंत्रियों का पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि छात्रा कबड्डी खेल छात्रावास शुरू होने से क्षेत्र की बेटियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि शिलाई की चार बेटियां अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
वहीं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल और शिक्षा, दोनों प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए सम्मान राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है, वहीं खिलाड़ियों की डाइट मनी और यात्रा सुविधाओं में भी बड़ा सुधार किया गया है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 8 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है, जबकि 3 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 150 सीबीएसई स्कूल शुरू किए गए हैं और सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू कर दी गई है। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये तथा सांस्कृतिक दल के लिए 10 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
