हिमवंती मीडिया/शाहपुर

शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत क्यारी में आयोजित ‘सरकार जनता के दरबार’ कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं की। जनसभा को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ग्राम पंचायत क्यारी की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए यहां नए एवं भव्य पंचायत भवन के निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत भवन के लिए भूमि चिन्हित कर उससे संबंधित सभी औपचारिकताएं अगले 15 दिनों के भीतर पूरी की जाएं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। उन्होंने पंचायत के विकास को गति देने के लिए पटियाल बस्ती तक सड़क निर्माण हेतु 10 लाख रुपये, राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्यारी में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा पंचायत के दो स्थानों पर पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए दो हैंडपंप स्थापित करने की भी घोषणा की।केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति की सेवा करना और क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और आने वाले समय में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को एक मॉडल विधानसभा के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।