हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
किड्स पैराडाइज स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को गुरु पूर्णिमा के महत्व और भारतीय संस्कृति में गुरु के स्थान के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की अध्यापिकाओं ने बच्चों को बताया कि गुरु ही हमें अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश के मार्ग पर चलना सिखाते हैं।
बच्चों ने अपने गुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके महत्व पर विचार साझा किए और गुरु वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी अध्यापिकाओं के साथ मिलकर रंग-बिरंगे हैंड प्रिंट तैयार किए तथा उन्हें गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने अपने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। स्कूल की डारेक्टर चारुल गोयल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में गुरु के प्रति सम्मान, संस्कार और भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
