हिमवंती मीडिया/रेणुका जी
आषाढ़ संक्रांति के पावन अवसर पर श्री रेणुका जी तीर्थ में श्री रेणुका जी विकास बोर्ड द्वारा विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर जल शक्ति उपमंडल ददाहू के एसडीओ श्री मनीत भारद्वाज ने बतौर मुख्य याज्ञिक हवन यज्ञ में आहुति अर्पित की। कार्यक्रम में श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री भरत सिंह ठाकुर तथा बोर्ड सदस्य श्री इंद्र प्रकाश गोयल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हवन यज्ञ का संचालन मुख्य पुजारी रमेश कपिल एवं पंडित रवि दत्त ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न करवाया। कार्यक्रम में विकास बोर्ड के कर्मचारी माता राम, वीरेंद्र सिंह, तारा चंद, राजेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह और रोशन लाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आषाढ़ संक्रांति के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम से श्री रेणुका जी तीर्थ का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
