हिमवंती मीडिया/शिमला
1905 में कांगड़ा में आए विनाशकारी भूकंप की स्मृति में जुन्गा तहसील के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डब्लू में आपदा प्रबंधन पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से जीवन रक्षक कौशल भी सिखाए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हेलमेट एवं रिफ्लेक्टिव जैकेट पहनकर आपदा की वास्तविक परिस्थितियों का अभ्यास किया। ड्रॉप, कवर एवं होल्ड तकनीक के साथ-साथ आपातकालीन निकासी का सफल अभ्यास करवाया गया। विशेष रूप से स्ट्रेचर के माध्यम से घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया, जिससे बच्चों को राहत एवं बचाव कार्यों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कार्यकारी प्रधानाचार्य कपिल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा प्रबंधन आज के समय की अनिवार्य आवश्यकताएँ हैं, और इनका ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होने इस प्रकार के आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जागरूकता और प्रशिक्षण ही आपदा के प्रभाव को कम करने का सबसे सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक साबित होगा , बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के प्रति सजग और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होंगा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अनुशासन, तत्परता और सहयोग की भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
