हिम्वंती मीडिया/पांवटा साहिब
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली शोभा यात्रा को उपमंडल प्रशासन पांवटा साहिब द्वारा अनुमति प्रदान कर दी गई है। यह अनुमति समस्त हिंदू समाज, तहसील पांवटा साहिब के अध्यक्ष के पक्ष में जारी की गई है।प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शोभा यात्रा 1 अप्रैल 2026 को सुबह 10:00 बजे हरिपुर टोहाना से प्रारंभ होकर बंगरण चौक व पुरुवाला चौक से होते हुए दोपहर 1:00 बजे हनुमान चौक, गोरखुवाला पहुंचेगी। इस बार खास बात यह रही कि पहली बार नए एसडीएम साहब से अनुमति लेने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता नीरज शर्मा सहित अन्य साथी पहुंचे। उन्होंने बताया कि एसडीएम साहब का व्यवहार बेहद सराहनीय रहा और उन्होंने सकारात्मक तरीके से अनुमति प्रदान की। इस दौरान नीरज शर्मा ने प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि “एसडीएम साहब का सहयोग और व्यवहार बहुत अच्छा रहा, इसके लिए हम उनके आभारी हैं। प्रशासन ने आयोजन के लिए कुछ आवश्यक शर्तें भी निर्धारित की हैं, जिनमें सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाना, यातायात व्यवस्था बाधित न करना, किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न करना, स्वच्छता बनाए रखना तथा किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले नारे न लगाने जैसे निर्देश शामिल हैं। इस मौके पर अशोक चौधरी, अजय चौधरी, बृजेश कौशिक, संदीप सिंह और जसवीर चौधरी सहित अन्य उपस्थित रहे।
