हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय, पांवटा साहिब में महिला विकास प्रकोष्ठ ने एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसका मुख्य विषय था ‘एकल-प्रयोग प्लास्टिक के हानिकारक प्रभाव एवं पर्यावरण-हितैषी विकल्पों का प्रोत्साहन।” इस कार्यक्रम में छात्रों ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विचार और शोध प्रस्तुत किए। छात्रों ने बताया कि एकल-प्रयोग प्लास्टिक न केवल जलवायुप्रवृत्ति संकट को बढ़ाता है, बल्कि जल, मृदा और वायु प्रदूषण का भी प्रमुख कारण है। इससे समुद्री जीवन और जैव विविधता पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है।
छात्रों ने प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैले, धातु और मिट्टी के बर्तन, और बॉस और लकड़ी से बने सामान जैसे पर्यावरण-हितैषी विकल्पों के प्रयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया। अंशिका, रुबिका, अनीश, यचना, प्राची, सानिया और जिज्ञासा ने अपने-अपने विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। काव्यांजलि ने कार्यक्रम का मंच संचालन किया। प्रो. तनु चंदेल, प्रो. चिनु बंसल, प्रो. प्रीति चौहान और प्रो. प्रतिभा चौधरी ने कार्यक्रम का निर्देशन और मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल छात्रों को ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।
