हिमवंती मीडिया/राजगढ़

खाद्य सुरक्षा विभाग सिरमौर ने राजगढ़ बाजार में दीपावली से पहले औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 50 किलोग्राम से अधिक मिलावटी खोया और मिठाइयां पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में विभाग की टीम ने स्वीट्स की दुकानों पर मिठाइयों की गुणवत्ता जांची।कार्रवाई के दौरान: 50 किलोग्राम से अधिक मिलावटी खोया और मिठाइयां नष्ट की गईं। 9 सैंपल एकत्र किए गए, जिनमें 7 सर्विलांस सैंपल और 2 लीगल सैंपल शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। आगे की कार्रवाई: जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और मिलावट-रहित मिठाइयां मिल सकें।

स्वीट्स विक्रेताओं को चेतावनी: प्रियंका कश्यप ने स्वीट्स विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे मिठाइयां और दूध उत्पाद स्वच्छ वातावरण में और निर्धारित मानकों के अनुसार ही तैयार करें। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ या मिलावट की सूचना तुरंत विभाग को दें।